झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल परिसर में बुधवार सुबह एम्बुलेंस गैराज के पीछे कचरे के ढेर में आग लग गई। इस घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों और अस्पताल स्टाफ की तत्परता से 20 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। इससे किसी बड़े नुकसान को टाल दिया गया। अज्ञात कारणों से लगी इस आग के कारण देखते ही देखते धुआं उठने लगा, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। अस्पताल चौकी को सूचना मिलते ही स्टाफ ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
अस्पताल चौकी पर तैनात जवान अरविंद और आशुतोष ने एम्बुलेंस ड्राइवर हकीम के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रारंभिक प्रयास किए। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह काबू में कर लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से एम्बुलेंस और अस्पताल भवन को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया है कि यह आग अस्पताल के पास स्थित एक निजी होटल से निकलने वाले कचरे के ढेर में लगी थी।


