सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज जयपुर के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी को सरकार ने एक और नई जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. माहेश्वरी अब SMS मेडिकल कॉलेज और उससे अटैच हॉस्पिटलों के साथ-साथ राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस) आयुर्विज्ञान महाविद्यालय से अटैच RUHS हॉस्पिटल के कंट्रोलरी का भी जिम्मा संभालेंगे। चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक आरयूएचएस हॉस्पिटल के सुचारु संचालन के लिए यह अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार डॉ. माहेश्वरी के प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए सरकार ने यह अहम निर्णय लिया है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज जैसे प्रदेश के सबसे बड़े मेडिकल इंस्टीट्यूशन के सफल संचालन करने के बाद अब उन्हें दूसरी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। बताया जा रहा है कि आरयूएचएस हॉस्पिटल में प्रशासनिक समन्वय, संसाधनों के बेहतर उपयोग और मरीजों को समय पर इलाज जैसे मुद्दों को लेकर लंबे समय से सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऐसे में एक अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार देकर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की पहल की है। वर्तमान में आरयूएचएस हॉस्पिटल को भजनलाल सरकार रिम्स की तर्ज पर विकसित कर रही है। यहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर्याप्त मात्रा में है, लेकिन डॉक्टर्स की कमी के चलते यहां मरीजों को वैसा इलाज नहीं मिल रहा, जैसा यहां मिलना चाहिए।


