सवाई मानसिंह स्टेडियम के वॉकिंग ट्रैक पर क्रीड़ा परिषद की क्रिकेट एकेडमी एरिना के पीछे से एंट्री का अस्थायी दरवाजा बना दिया है। ये दरवाजा सवाई भवानी सिंह रोड पर बनी एक स्पोर्ट्स एकेडमी के अंदर से होकर आता है। दरवाजे को बने काफी समय हो चुका है। बावजूद इसके न तो ये क्रीड़ा परिषद के अधिकारियों की नजरों में आया, ना यहां पर सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को। अगर कोई व्यक्ति अवैध रूप से अनैतिक गतिविधियों के चलते इस रास्ते का प्रयोग करते हुए अंदर आया तो सुरक्षा की जिम्मेदारी किस की होगी। वॉकिंग ट्रैक पर कई आईपीएस और आईएएस मार्किंग वॉक के लिए आते हैं। बावजूद इसके किसी की नजर स्टेडियम की सुरक्षा में चूक करने वाले इस अस्थायी गेट पर नहीं पड़ी है। एंट्री के लिए कार्ड सिस्टम सवाई मानसिंह स्टेडियम में 1 जनवरी से लागू हुई पे एंड प्ले स्कीम के तहत 300 रुपए मंथली के कार्ड यहां पर आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स से वसूल किए जाते हैं। बावजूद इसके स्टेडियम की सुरक्षा भगवान भरोसे है। यहां सुरक्षा के लिए 35 से 40 गार्ड और कैमरे लगे होने के बावजूद भी यह स्थिति है, लेकिन दिन में स्टेडियम में कई लोगों का आना-जाना रहता है। जिन पर किसी प्रकार की कोई रोक टोेक नहीं है। यहां वीवीआईपी मूवमेंट व आईपीएल मैच होते हैं स्टेडियम में 26 जनवरी और 15 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनकी सुरक्षा के लिए 15 दिन पहले ही स्टेडियम को जयपुर पुलिस अपनी सुरक्षा घेर में ले लेती है। उधर, हर साल आईपीएल मैचों को आयोजन किया जाता है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति इस तरह के रास्ते का उपयोग कर लेता है तो स्टेडियम की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। इस रास्ते के सामने ही आईपीएल के दौरान टीम प्रैक्टिस करती है। हाल ही में युवा महोत्सव भी आयोजित किया है। क्रीड़ा परिषद सचिव ने कहा- गेट बंद कर दिया जाएगा
“कोई भी निजी व्यक्ति सवाईमान सिंह स्टेडियम में एंट्री का गेट नहीं खोल सकता है। अगर किसी व्यक्ति ने ऐसा किया है। उस पर कार्रवाई करते हुए गेट को पूर्ण रूप से बंद करा दिया जाएगा।” -राजेंद्र सिंह सिसोदिया, सचिव क्रीड़ा परिषद


