गुरमीत लूथरा | अमृतसर एसजीपीसी की कार्यकारिणी की एक सप्ताह में ही दूसरी बैठक होने जा रही है। 19 फरवरी को हुई बैठक के बाद 26 फरवरी को फिर से प्रधान हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में एसजीपीसी मुुख्यालय में सुबह 11 बजे आपात बैठक होने जा रही है। बैठक में श्री हरमंदर साहिब के हैडग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह को पद से हटाने को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया जा सकता है। गौर हो कि 19 फरवरी की बैठक में ज्ञानी रघबीर सिंह को घोटालों के लगाए गए अरोपों के सबूत 72 घंटे में पेश करने का नोटिस जारी किया था। फिलहाल अभी तक ज्ञानी रघबीर सिंह ने कोई भी लिखित जवाब नहीं भेजा है। वहीं ज्ञानी रघबीर सिंह ने वीडियो क्लिप जारी कर नोटिस का जवाब देने की बजाय धामी को ही अल्टीमेटम देते हुए गुरुद्वारा अंब साहिब मोहाली व अन्य धार्मिक स्थलों में हुए घोटालों के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर संगत के समक्ष पर्दाफाश करने को कहा था।


