एसजीपीसी यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले छात्रों का करेगी सम्मान

भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने यूपीएससी परीक्षा पास कर हायर एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज के लिए चुने गए सिख विद्यार्थियों को बधाई दी है। साथ ही, उन्होंने इन सफल विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपए की राशि देकर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। धामी ने कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में कामयाबी हासिल करना युवाओं की कड़ी मेहनत, लगन और पक्के इरादे की निशानी है। उन्होंने कहा कि सिमरनदीप कौर और सनवरदीप सिंह समेत परीक्षा पास करने वाले अन्य सिख विद्यार्थियों ने न सिर्फ अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि यह पूरे सिख समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देशभर में 15वीं रैंक हासिल करने वाली सिमरनदीप कौर खालसा कॉलेज, पटियाला की छात्रा रही हैं, जिसका संचालन शिरोमणि कमेटी करती है। एडवोकेट धामी ने कहा कि शिरोमणि कमेटी सिख विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी हमेशा से युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करती रही है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि शिरोमणि कमेटी के आगामी बजट में प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष राशि का प्रावधान किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद गुरसिख विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में आर्थिक मदद मिल सकेगी। अंत में, उन्होंने सफल विद्यार्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *