कानून व्यवस्था बनाए रखने में दिनरात जुटे पुलिस जवानों के लिए सुखद खबर है। जिले में कार्यरत पुलिस जवानों को नए साल से 15 दिन में एक अवकाश मिलेगा। प्रदेश में झुंझुनूं ऐसा पहला जिला होगा, जहां पुलिस जवानों को पखवाड़े में एक दिन का अवकाश मिलेगा। दरअसल कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने, अपराधियों को पकड़ने, वीआईपी दौरों, त्योहार व चुनाव ड्यूटी, मामलों का निस्तारण करने आदि कार्यों में पुलिस जवान दिनरात जुटे रहते हैं। इस कारण उन्हें साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलता। कई बार जवानों को अपने पारिवारिक आयोजनों के लिए भी छुट्टी नहीं मिलती। इससे जवानों की कार्य क्षमता प्रभावित होती है। झुंझुनूं एसपी शरद चौधरी ने इस मामले को समझते हुए यह पहल की है कि जिले में पुलिस जवानों को 15 दिन में एक अवकाश मिलेगा। एसपी शरद चौधरी ने बताया कि झुंझुनूं जिले में एक जनवरी से पुलिस जवानों को 15 दिन में एक अवकाश शुरू किया जा रहा है। यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर तीन महीने के लिए लागू की जा रही है। प्रारंभ में कांस्टेबल से लेकर एएसआई के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रयोग सफल रहा तो इससे हमेशा लागू किया जाएगा। एसपी शरद चौधरी के इस फैसले से जिले में कार्यरत 1500 से अधिक जवानों को इसका फायदा मिलेगा। इसके लिए पुलिस को आपसी सामंजस्य बैठाना भी जरूरी रहेगा। 15 दिन में एक जवान का अवकाश होने के कारण औसतन रोजाना 100 जवानों का अवकाश रहेगा। यह अवकाश भी डे वाइज रहेगा। यानी किसी का सोमवार, किसी का मंगलवार, बुधवार, किसी का गुरुवार तो किसी का शुक्रवार, शनिवार या रविवार को रहेगा। प्रदेश में लंबे समय से उठ रही साप्ताहिक अवकाश की मांग : प्रदेश में पुलिस जवानों को साप्ताहिक अवकाश की मांग उठ रही है। इसकी वजह राज्यकर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन का अवकाश मिलता है। शनिवार व रविवार को प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का अवकाश रहता है, लेकिन आवश्यक सेवाओं में शामिल होने के कारण पुलिस जवानों को अभी तक अवकाश नहीं मिल रहा है। ऐसे में झुंझुनूं पुलिस की ओर से जवानों के लिए 15 दिन में एक साप्ताहिक अवकाश मिलना पुलिस जवानों के लिए न केवल राहत देने वाला साबित होगा, बल्कि उनकी कार्य क्षमता में भी इजाफा होगा। यह व्यवस्था एक जनवरी से शुरू होगी यह व्यवस्था एक जनवरी से शुरू होगी। इसके तहत कांस्टेबल से लेकर एएसआई स्तर के जवानों को अवकाश मिलेगा। अभी यह प्रायोगिक तौर पर शुरू की जा रही है। आगे चलकर इससे एएसपी स्तर तक भी किए जाने की संभावना है। उन्होंने इसकी घोषणा दैनिक भास्कर के पुलिस प्राइड अवार्ड समारोह में की। हालांकि बाद में इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए। इस आदेश से जिले के 1500 से अधिक जवानों को फायदा होगा।


