भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह एसपी कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता एसपी डॉ. विमल कुमार ने की। गोष्ठी के दौरान एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के शीघ्र निपटारे, न्यायालय से संबंधित मामलों का ससमय निष्पादन, विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों के त्वरित जवाब तथा आम जनता से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती तथा सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया। गोष्ठी के अंत में विगत माह में कांडों के अनुसंधान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को एसपी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों से निष्ठा, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।


