कोरबा पुलिस ने एसबीआई के चीफ मैनेजर के घर हुई चोरी के मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी किए गए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। यह घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग स्थित एक सूने मकान में शुक्रवार रात को हुई थी। यह मकान एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है, जिसमें एसबीआई के चीफ मैनेजर राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। घटना के समय राजू मोदी अपने परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे। रात में चोरी, सोने के जेवरात लूटे गए शुक्रवार सुबह रायपुर जाने के बाद, परिवार रात लगभग 1 बजे घर लौटा। ताला खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम में खिड़की की रॉड टूटी हुई थी, जिससे उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। तत्काल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। चोरों ने घर से लगभग डेढ़ लाख रुपए के सोने के जेवरात चुराए, जिनमें चार सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और टॉप शामिल थे। हालांकि, वे 20 हजार रुपए नकद और लैपटॉप जैसे महंगे सामान नहीं ले गए थे। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया। डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से गंध लेकर लगभग 1 किलोमीटर दूर पोड़ी बहार मैदान तक पीछा किया, जहां वह शराब की खाली बोतल तक पहुंचा। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण ‘मधुर फाइनेंस’ में गिरवी रखे हैं। पुलिस ने तुरंत फाइनेंस संस्था से संपर्क किया और विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद आभूषणों का आज के बाजार मूल्य के अनुसार कुल अनुमानित मूल्य लगभग 11,11,000 रुपए आंका गया है। पुलिस ने इस मामले में 31 वर्षीय संजय वैष्णव उर्फ गोलू, निवासी निहारिका साडा कॉलोनी, क्वार्टर नंबर D-18, और उसकी 50 वर्षीय मां लव कुमारी वैष्णव को गिरफ्तार किया है।


