चित्तौड़गढ़ में टीचर के सूने मकान में मैकेनिक बनकर घुसे बदमाश लाखों का जेवरात और कीमती सामान ले गए। लग्जरी कार से आए चोर घर का टूटा हुआ ताला भी साथ ले गए। घटना सदर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर सिविल लाइन बोजुंदा में विजन कॉलेज के पीछे हुई। स्कूल से लौटीं तो गेट पर खड़ी थी लग्जरी कार टीचर माया जोशी ने बताया – दोपहर करीब 4:20 बजे जब वह घर लौटीं तो गेट के पास एक काले रंग की लग्जरी कार खड़ी थी। गली में मुड़ते ही उन्होंने देखा कि दो युवक उनके घर से बाहर निकल रहे हैं। कार में पहले से एक व्यक्ति बैठा हुआ था। पूछताछ करने पर युवकों ने खुद को एसी मैकेनिक बताया। घर के अंदर पहुंचने पर ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। तब उन्हें चोरी का अहसास हुआ। घर के कमरों में रखी अलमारियां, बेड, कबर्ड और ड्रेसिंग टेबल को खंगालते हुए चोर सोने का हार सेट, पेंडल, चांदी की पायजेब, चार जोड़ी बिछिया सहित अन्य जेवर ले गए। पीड़िता के अनुसार करीब 6 से 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। जाते समय बदमाश टूटा हुआ ताला भी अपने साथ ले गए। अच्छे कपड़े, मास्क और महंगी कार… पड़ोसियों को नहीं हुआ शक पीड़िता के अनुसार आरोपी कम उम्र के थे। उन्होंने अच्छे कपड़े पहन रखे थे, आंखों पर चश्मा और चेहरे पर मास्क व रूमाल बांध रखा था। जिस कार में वे आए थे, वह महंगी और अलवर पासिंग बताई जा रही है। लग्जरी वाहन होने के कारण पड़ोसियों को उन पर संदेह नहीं हुआ। गौरतलब है कि इसी मकान में 13 अक्टूबर को भी चोरी हो चुकी है। उस समय भी शिक्षिका घर पर मौजूद नहीं थीं। लगातार दूसरी वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा कार और संदिग्धों की तलाश जारी है।


