केतार | प्रखंड के परती-कुशवानी पंचायत में रविवार को ऑटो चालकों एवं मालिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पप्पू कुमार चौधरी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए ऑटो किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया। ऑटो मालिकों ने बताया कि परती बस स्टैंड से केतार बाजार की दूरी लगभग 15 किलोमीटर है और वर्तमान में 20 रुपए किराया लिया जा रहा है। डीजल महंगा होने के कारण उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए किराया संशोधित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार परती एवं अमवाडीह गांव से केतार बाजार तक का नया किराया 30 रुपए निर्धारित किया गया है। जबकि छाताकुण्ड योगियावीर से केतार आने वाले यात्रियों को अब 20 रुपए किराया देना होगा वही बतोंकला से 15 रुपए भाड़ा निर्धारित किया गया। इसके अलावा छाताकुड़ से खरौंधी बाजार तक का किराया 40 रुपए तय किया गया है। किराया वृद्धि के फैसले से जहां ऑटो चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं यात्रियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ सकता है। बैठक में अखिलेश कुमार, उपेंद्र चौधरी, नीरज कुमार, नीतिश सिंह, विकास यादव, आशीष कुमार, राहुल गुप्ता, ललन पटवा, संजय कुमार, मनोज कुमार गुप्ता, मुकेश लकड़ा, छोटू कुमार, गुड्डू सिंह, अजीत कुमार, उदय साह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


