डूंगरपुर में ऑटो रिक्शा पलटने से दो बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गई। डेढ़ महीने और 3 साल के दोनों बच्चे अपनी-अपनी मां की गोद में बैठे थे। दोनों बच्चों की मां समेत 7 लोग घायल हैं। परिवार डेढ़ महीने के बच्चे की मां को डिलीवरी के बाद ससुराल छोड़ने जा रहा था। हादसा चौरासी थाना इलाके में वैजा मोड़ के पास गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… डिलीवरी के बाद बेटी को ससुराल छोड़ने जा रहा था परिवार चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल ने बताया- वागबोल निवासी प्रियंका (28) पत्नी बलदेव की डेढ़ महीने पहले पीहर वैजा में डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद से वह वैजा में पिता के घर में ही रह रही थी। परिवार के लोग गुरुवार को प्रियंका और उसके डेढ़ महीने के बेटे कृष को ससुराल छोड़ने के लिए ऑटो में बैठकर जा रहे थे। इसे स्थानीय लोग पाण्णा कहते हैं। इसमें बच्चा जन्म के बाद पहली बार मां के साथ अपने घर जाता है। मां की गोद में बैठे थे बच्चे हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल ने बताया- वैजा मोड़ के पास ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। कृष और अरिहंत (3) की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो में कृष अपनी मां प्रियंका और अरिहंत मां मंजुला (30) की गोद में बैठा हुआ था। दोनों बच्चों की मौत होने से परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रियंका, मंजुला पत्नी कांतिलाल, सरस्वती (5) पुत्री शांतिलाल, माया (27) पत्नी नानूराम, बंशीलाल कटारा (58) पुत्र नानजी कटारा, कांता (60) पत्नी शंकरलाल, लक्ष्मी (25) पत्नी शांतिलाल और कांति (25) पुत्र नाना घायल हो गए। लोगों ने एक-एक कर सभी घायलों को बाहर निकाला। फिर एम्बुलेंस से डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया। गंभीर घायल बंशीलाल कटारा की गुजरात के मोडासा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दोनों बच्चों समेत तीनों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। बेटे को दुलार भी नहीं पाया पिता कृष के पिता बलदेव पहली बार बेटे के घर आने का इंतजार कर रहे थे। घर में खुशी का माहौल था। मेहमानों के लिए पकवान बन रहे थे। लेकिन बेटे की मौत से परिवार में मातम पसर गया। बलदेव फूट-फूट कर रोने लगे। … एक्सीडेंट की यह खबर भी पढ़ें… स्लीपर ने स्कूल बस को मारी टक्कर, 6 स्टूडेंट घायल:11 KV बिजली का पोल टूटकर स्कूल बस पर गिरा जयपुर-नागौर-फलोदी मेगा हाईवे पर स्लीपर बस ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान 11 KV बिजली का पोल टूटकर स्कूल बस पर गिर गया। 6 स्टूडेंट घायल हो गए। (पूरी खबर पढ़ें)


