प्रदेश में चर्चित महादेव सट्टा एप की तर्ज पर बरमकेला में भी भाग्यलक्ष्मी और श्रीदेवी नाम से लोकल सट्टा मटका गेम चलाया जा रहा है। गेम की शक्ल में चलाया जा रहा यह सट्टा कारोबार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से खिलाया जा रहा है और अब इसका जाल प्रदेश ही नहीं देशभर में फैल चुका है। दोनों ही गेम के संचालक का कनेक्शन दुबई तक है। महाराष्ट्र में चलने वाले कल्याण, राजधानी, भूतनाथ, बॉम्बे जैसे सट्टा गेम में ऑनलाइन और ऑफलाइन दांव लगाए जाते हैं। इसी तर्ज पर बरमकेला में लोकल स्तर पर भाग्यलक्ष्मी व श्रीदेवी सट्टा मटका गेम खिलाया जा रहा है। इस लोकल गेम का जाल अब पूरे देशभर में फैल चुका है। लोग खाइवालों और सटोरियों से ऑफलाइन सट्टा खेलते हैं या फिर बेटिंग एप से ऑनलाइन दांव लगाते हैं। ऑनलाइन मौजूद है भाग्यलक्ष्मी-श्रीदेवी चार्ट: लोकल सट्टा गेम का नेटवर्क सिर्फ ठेलों और गली-मोहल्लों तक सीमित नहीं है। भाग्यलक्ष्मी और श्रीदेवी गेम का पूरा चार्ट ऑनलाइन भी मौजूद है। इसमें सालों के ओपन-क्लोज का ब्यौरा दर्ज है, जिसे देखकर कोई भी पुराने रिकॉर्ड खंगाल सकता है। चार्ट के साथ एडमिन का मोबाइल नंबर-9201299370 भी है। हालांकि नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। थाने से 100 मीटर की दूरी पर खुलेआम लिख रहे सट्टा: अवैध सट्टा नेटवर्क की परतें अब चौंकाने वाली तस्वीर सामने ला रही हैं। बरमकेला थाना क्षेत्र में थाना परिसर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित सुभाष चौक में दो अलग-अलग ठेलों पर खुलेआम सट्टा लिखे जाने का मामला सामने आया है। दैनिक भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ कि यहां सुबह से लेकर देर रात तक सट्टा खेलने वालों की भीड़ लगी रहती है। लोग खुलेआम पर्ची लिखवाकर दांव लगाते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गतिविधि कोई छिपी हुई नहीं है। थाना नजदीक होने के बावजूद वर्षों से यह खेल जारी है। इस तरह होता है गेम का लेनदेन स्थानीय लोगों ने बताया कि पिंटू चौधरी महज एक छोटा खाइवाल है। वह अपनी क्षमता के अनुसार ही कस्टमर से दांव लेता है और तय सीमा से ज्यादा रकम होने पर गेम आगे बढ़ा देता है। सूत्रों के मुताबिक, अतिरिक्त दांव पेटू तक पहुंचाया जाता है। बताया जा रहा है कि पेटू के पीछे क्षेत्र का एक बड़ा और पुराना खाइवाल सक्रिय है, जो रोजाना लाखों रुपए का गेम लेता है। सलोगों का दावा है कि इस नेटवर्क का कनेक्शन दुबई तक जुड़ा हुआ है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में दांव लगाए जा रहे हैं। क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि यदि पुलिस बैंक खातों, लेन-देन, पासपोर्ट और संपत्ति की गहन जांच करे तो बड़े सट्टा नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। बरमकेला में खुलेआम सट्टा खेलाने और भाग्यलक्ष्मी, श्रीदेवी सट्टा मटका बरमकेला का लोकल गेम होने की जानकारी मिली है। जल्द ही इस पर ठोस कार्रवाई होगी। इसके बाद इस नेटवर्क का भंडाफोड किया जाएगा। -अंजनेय वैष्णव, एसपी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एक्सपर्ट व्यू – राजीव माथुर, रिटायर्ड डीजीपी स्थानीय संरक्षण के बिना नहीं हो सकता सट्टा
कोई भी सट्टा बाजार स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और पुलिस संरक्षण के बिना लंबे समय तक संचालित नहीं हो सकता। यदि किसी क्षेत्र में खुलेआम दांव लिखे जा रहे हों। भीड़ जुट रही हो और ऑनलाइन-ऑफलाइन नेटवर्क चल रहा हो, तो यह सिर्फ छोटे स्तर की गतिविधि नहीं मानी जा सकती। ऐसे मामलों में केवल सतही कार्रवाई से काम नहीं चलता। वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल और संपत्ति की जांच जरूरी होती है। यदि संगठित नेटवर्क है, तो उसकी जड़ें स्थानीय स्तर से बाहर तक फैली हो सकती हैं।


