उदयपुर में सविना थाना पुलिस और डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) ने मिलकर क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब मिला है। यह कार्रवाई उदयपुर एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर की गई है। पुलिस के अनुसार, शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सविना थाना पुलिस और डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी विकेश को पकड़ा। वह सेक्टर 6 का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल सविना के एम.पी. कॉलोनी में रह रहा था। जांच में सामने आया कि विकेश Trubet9 नाम की एक गेमिंग वेबसाइट के जरिए लोगों को क्रिकेट मैच पर दांव लगवाता था। पुलिस ने जब उसके मोबाइल चेक किए, तो उसमें ऑनलाइन सट्टेबाजी के रिकॉर्ड और लाखों रुपयों के लेनदेन की जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत दोनों मोबाइल जब्त कर लिए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। एडिशनल एसपी उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी सूर्यवीर सिंह के सुपरविजन में सविना थानाधिकारी गजवीर सिंह और डीएसटी प्रभारी विक्रम सिंह ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसपी योगेश गोयल ने बताया- आरोपी विकेश के खिलाफ सविना थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। उस पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस बनाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विकेश यह काम कब से कर रहा था और इस खेल में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को शक है कि इस गिरोह के तार अन्य लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि सट्टे के इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।


