झारखंड के दो युवकों ने बलरामपुर जिले के राजपुर में च्वाईस सेंटर के संचालक से 1.86 लाख रुपए की ठगी कर ली। युवकों ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खाते में 1.86 लाख रुपए ट्रांसफर किया और नगद रकम ले ली। च्वाईस सेंटर संचालक का अकाउंट होल्ड हो गया तो उन्हें ठगी का पता चला। पुलिस ने झारखंड के दो युवकों को मामले में गिरफ्तार किया है। युवकों द्वारा सरगुजा में भी च्वाईस सेंटर संचालकों से 10 लाख की ठगी की गई है। जानकारी के मुताबिक, राजपुर में सेंट्रल बैंक के पास च्वाईस सेंटर संचालित करने वाले राहुल कुमार कश्यप (24 वर्ष) 23 अप्रैल को सेंटर में पहुंचे। सुबह 11.00 बजे दो युवक च्वाईस सेंटर पहुंचे और कहा कि बहन की शादी है, कुछ कैश की जरूरत है। वे बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर देंगे, उन्हें कैश चाहिए। राहुल कुमार कश्यप ने इसकी सहमति दे दी। दो बार में खाते में ट्रांसफर किए 1.86 लाख
युवकों ने राहुल कुमार कश्यप की पत्नी के नाम पर संचालित बैंक अकाउंट का नंबर युवकों को दिया तो उन्होंने उसमें 99 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया। राहुल ने उन्हें कैश 99 हजार रुपए दे दिया। युवकों ने राहुल का मोबाइल नंबर ले लिया और कहा कि कुछ देर में और पैसा डालेंगे। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच युवक फिर से दुकान में पहुंचे और खाते में 87 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किया। राहुल ने उन्हें कैश दे दिया। बैंक अकाउंट होल्ड हुआ तो दर्ज कराई रिपोर्ट
राहुल कुमार कश्यप ने जिस अकाउंट में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किया था, वह अकाउंट होल्ड हो गया, तब राहुल कुमार कश्यप को ठगी की जानकारी मिली। इसकी रिपोर्ट उसने राजपुर थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 66 डी, 318 का अपराध दर्ज किया। झारखंड के दो आरोपी गिरफ्तार
राजपुर थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलाके के सभी च्वाईस सेंटरों को सतर्क किया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी चौधरी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने मेराज अंसारी निवासी देवघर, झारखंड) और अनूप कुमार चौबे निवासी पलामू, झारखंड को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे झारखंड निवासी “राहुल उर्फ शकर दादा” के निर्देश पर एजेंट बनकर ठगी कर रहे थे। अंबिकापुर में भी इन लोगों ने करीब 10 लाख रुपए की ठगी की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। सरगुजा पुलिस को भी दोनों आरोपियों के गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


