ऑनलाइन लोन ऐप के जरिए रांची की एक महिला से साइबर ठगी की गई। उसे ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का शिकार भी बनाया गया। महिला ने साइबर थाना में केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को फाइन क्रेड नामक मोबाइल ऐप से 10,000 का लोन मांगा था। इसके बाद वन कैश और कैश क्लब नाम की दो कंपनियों ने 5,200 व 5,200 के दो लोन अप्रूव किए। लेकिन उनके खाते में दो अलग-अलग बैंक खातों से केवल 3,120 व 3,120 की दो राशि ही भेजी गई। लोन की अंतिम तिथि 29 मार्च थी। उससे पहले ही उन्होंने ऐप के जरिए लोन चुकाने की कोशिश की, लेकिन ऐप में पेमेंट लिंक बंद कर दिया गया। उन्हें अलग से यूपीआई के जरिए भुगतान करने को कहा गया। जब उन्होंने ऐप के जरिए ही भुगतान की मांग की तो उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी दी जाने लगी। इसके बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स से उनकी तस्वीरें डाउनलोड कर अश्लील तरीके से एडिट की गईं। फिर उनके फोन में सेव कॉन्टैक्ट्स को भेजकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई।


