ऑपरेशन प्रहार-2 के बीच चोरियां, कपड़ा शोरूम, फल मंडी और हार्डवेयर दुकान में लाखों की सेंध

भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में एक ओर पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ चलाकर सुरक्षा मजबूत करने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। मंगलवार देर रात से सोमवार रात तक अलग-अलग इलाकों में तीन बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लाखों रुपये की नकदी और सामान चोरी हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारी वर्ग में चिंता बढ़ गई है। हैबोवाल मेन मार्केट में मंगलवार देर रात चोरों ने ‘स्टाइलअप गारमेंट’ और ‘संत गारमेंट’ नामक दो कपड़ों की दुकानों को निशाना बनाया। स्टाइलअप गारमेंट के मालिक मनमीत सिंह ने बताया कि उनकी दुकान के पीछे लगे छोटे शटर को तोड़कर आरोपी अंदर दाखिल हुए। गल्ले में रखे 12 हजार 800 रुपये और बच्चों व लड़कियों के कीमती कपड़े चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपी छत के रास्ते साथ वाली संत गारमेंट में पहुंच गए। संत गारमेंट के मालिक दिनेश मरवाहा के अनुसार उनकी दुकान के चारों गल्ले खाली मिले, जिनमें करीब 3.50 लाख रुपये थे। दोनों दुकानों के डीवीआर तोड़ दिए गए, जिससे वारदात का समय और आरोपियों की संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी। सूचना पर थाना हैबोवाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उधर चंडीगढ़ रोड स्थित एक हार्डवेयर दुकान में सोमवार रात चोरी हुई। दुकान मालिक विकास गुप्ता ने बताया कि आरोपी तीसरी मंजिल से अंदर घुसे और करीब 1.25 लाख रुपये नकद व डीवीआर की हार्ड डिस्क लेकर फरार हो गए। उन्होंने चौंकी जीवन नगर में शिकायत दर्ज कराई है। गुप्ता के अनुसार कुछ दिन पहले भी इसी मार्केट में डीवीआर चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में रोष है और उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। इसी तरह पुरानी सब्जी मंडी में नानक नगर के पीछे पपीते वाली गली में दो फल दुकानों में चोरी की घटना सामने आई। दुकान मालिक प्रभु दयाल ने बताया कि पीछे लगी लकड़ी की चटाई तोड़कर आरोपी अंदर घुसे। मौके पर शराब की खाली बोतल और कटे हुए फलों के छिलके मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी वहीं बैठकर शराब पीते रहे और फल काटकर खाए। दुकान से अनार, कीवी, ड्रैगन फ्रूट, सेब और अंगूर समेत लाखों रुपये का फल चोरी हुआ। साथ लगती दुकान से भी फल चोरी किया गया, जबकि पास खड़ी एक रेहड़ी से भी सारा फ्रूट गायब मिला। पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *