ऑपरेशन प्रहार-2.0: 3 दिन में 232 गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत कार्रवाई की है। तीन दिनों की कार्रवाई में 232 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हथियार, नशीला पदार्थ और अवैध सामान भी बरामद किया गया है। इसी बीच पुलिस ने अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर के इस्तेमाल, रिफिलिंग और बिक्री पर विशेष आदेश जारी कर रोक लगा दी है। पुलिस के अनुसार 9 से 11 फरवरी तक चलाए गए अभियान के दौरान 245 से अधिक रेड की गईं और करीब 950 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया। नाकाबंदी और सर्च ऑपरेशन के दौरान 209 ग्राम हेरोइन, 92 प्रतिबंधित गोलियां और 5 ग्राम आईस ड्रग बरामद की गई। इसके अलावा चार पिस्तौल, जिनमें .32 बोर और देशी हथियार शामिल हैं, के साथ कारतूस भी जब्त किए गए। 15 दोपहिया वाहन, 45 चोरी के मोबाइल फोन और 10 पेटी अवैध शराब भी कब्जे में ली गई। कई सालों से फरार चल रहे चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा कि यह अभियान अस्थायी नहीं है, बल्कि शहर में संगठित अपराध के नेटवर्क को खत्म करने की निरंतर कार्रवाई है। आने वाले दिनों में अपराधियों के आर्थिक और लॉजिस्टिक नेटवर्क को भी निशाना बनाया जाएगा। दूसरी ओर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रुपिंदर सिंह ने विशेष आदेश जारी करते हुए अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर के उपयोग, भंडारण, रिफिलिंग और बिना लाइसेंस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बिना आईएसआई/बीआईएस मार्क वाले सिलेंडर या अवैध तरीके से गैस ट्रांसफर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश दो माह तक प्रभावी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अवैध गैस रिफिलिंग से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, इसलिए सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *