डूंगरपुर की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने हाईवे पर लूटपाट की 4 वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जिले के टॉप-10 वांछित ओर 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए पड़ोसी गुजरात राज्य में छिपता फिर रहा था। वहीं, पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत विशेष अभियान के तहत लूटपाट करने वाली गैंग का खुलासा किया है। बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में लूटपाट की वारदातो का खुलासा करने थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने छानबीन करते हुए आरोपी प्रदीप मीणा (21) निवासी बिजुड़ा के खिलाफ अब तक 12 आपराधिक केस दर्ज हैं। वह जिले का टॉप-10 अपराधी घोषित है। थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि लूट मामलों में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूर्व में पप्पू उर्फ भूपेन्द्र, विजेश उर्फ विजय और सुनील को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और अन्य संभावित वारदातों के बारे में भी जांच की जा रही है।
ये वारदातें खुली पहली घटना: 2 अक्टूबर 2024 को मौजा बालदिया में हुई। जहां मजदूरी कर लौट रहे युवक से 10 हजार रुपये, बैग व अन्य सामान लूट लिया गया। दूसरी घटना: 3 मार्च 2025 को रिजवा घाटी सर्विस रोड पर हुई। जिसमें बदमाशों ने बाइक सवार को गिराकर 5 हजार रुपये व बाइक लूट लिए। तीसरी वारदात: 26 फरवरी 2025 को नेशनल हाईवे-48 पर आमझरा के पास हुई। जहां बदमाशों ने 8 हजार रुपये, मोबाइल व बाइक लूट ली। चौथी घटना: 3 मार्च 2025 को भेहणा मार्ग पर हुई। जिसमें युवक से 3 हजार रुपए लूटकर बदमाश फरार हो गए।


