महिला बाल विकास में सेक्टर जीन की पर्यवेक्षक ज्योति भालेकर को सेक्टर से हटा दिए, जिसके विरोध में बुधवार को इस सेक्टर की 27 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और रसोइयों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सुपरवाइजर को यथावत किए जाने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन यहां डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। उन्होंने बताया कि सुपरवाइजर को साजिश के तहत हटाया गया है। उनकी एक ऑडियो रिकार्डिंग पहले वायरल की गई और फिर उन्हें विवादित बताकर हटवा दिया गया। जबकि पिछले 5 साल से वे सेक्टर को बेहतर तरीके से संभाल रही थी। यही नहीं उनका व्यवहार सभी कर्मचारियों के साथ सरल और सौम्य है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि सेक्टर-जीन की पर्यवेक्षक ज्योति भालेकर के साथ 9।नवंबर को जिला सत्र न्यायालय परिसर में विधिक शिविर के दौरान उपस्थित तीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और एक कार्यालयीन लिपिक द्वारा षड़यंत्र पूर्वक ऑडियो रिकॉर्डिंग की गई और उसे कार्यालयीन ग्रुप में डाल दिया गया। इससे उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई। इस मामले में रिकॉर्डिंग करने वालों पर कार्रवाई न करते हुए उल्टे पर्यवेक्षक पर कार्रवाई कर दी गई।


