भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ मंगलवार को अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंचीं। अपने आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत से पहले उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन किए और पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर जीत का आशीर्वाद लिया। बोलीं- गुरुजी से मिलने की मांगी थी मन्नत दर्शन के बाद खुशी जाहिर करते हुए क्रांति गौड़ ने बताया कि बागेश्वर धाम आकर उन्हें शांति मिली है। उन्होंने बताया कि पिछली बार जब वह विदेश दौरे पर जा रही थीं, तब भी यहां आई थीं, लेकिन उस समय गुरुजी से मुलाकात नहीं हो सकी थी। तब उन्होंने मन्नत मांगी थी कि अगले बड़े दौरे पर जाने से पहले वे गुरुजी से मिलकर ही जाएंगी। उन्होंने कहा- यह मेरा पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा है और जाने से पहले गुरुजी का आशीर्वाद मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। 100 आदिवासी बेटियों के विवाह की तारीफ की क्रांति गौड़ ने धाम की ओर से आयोजित किए जाने वाले सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरुजी उन बेटियों का घर बसा रहे हैं जिनके माता-पिता नहीं हैं या जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इस बार इस आयोजन में 100 आदिवासी युवतियों का विवाह शामिल होना एक बहुत बड़ा और नेक कदम है। बागेश्वर महाराज ने दी जीत की शुभकामनाएं मुलाकात के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने क्रांति के खेल और उनकी मेहनत की तारीफ की। उन्होंने क्रांति के मेंटॉर विनय चौरसिया की भी प्रशंसा की और पूरी टीम को ऑस्ट्रेलिया के मैदान पर तिरंगा फहराने और शानदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में क्रांति गौड़ को देखने के लिए बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक और श्रद्धालु भी जमा हो गए थे।


