ओबीसी की जनसंख्या कम, नहीं मिला आरक्षण, 20 में 10 वार्ड आरक्षण मुक्त

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर नगरीय निकाय का चुनाव इस बार नगरपालिका परिषद में घमासान होगा। बीजेपी व कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के साथ-साथ हर वार्ड से कई निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतर सकते हैं। क्योंकि पहली बार शहर के 20 वार्डों में से 10 वार्ड आरक्षण से मुक्त हो चुके हैं। इन दस अनारक्षित वार्डों में सामान्य वर्ग से लेकर किसी भी वर्ग का व्यक्ति इस बार चुनाव लड़ सकता है। इससे पहले 2019 के नगरपालिका चुनाव में 20 में से सिर्फ पांच वार्ड अनारक्षित थे। गुरूवार को जिला पंचायत के सभागार में जिले की एक नगरपालिका और चार नगर पंचायत के वार्डों का आरक्षण किया गया। वार्ड आरक्षण को लेकर शासन द्वारा जारी गाइडलाइन और वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर वार्ड की जनसंख्या के आधार पर आरक्षण तय किया गया। नगरपालिका जशपुरनगर की बात करें तो जनसंख्या के आधार पर शहरी आबादी में ओबीसी को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया। ओबीसी आरक्षण लागू नहीं होने की दशा में शहर के 50 प्रतिशत वार्ड अनारक्षित हो गए। 20 में से 10 वार्ड के अनारक्षित होने से सामान्य वर्ग के लिए पार्षद चुनाव लड़ने के रास्ते खुल गए हैं। इससे पहले तक सामान्य वर्ग के लोग गिनती के तीन से चार वार्ड में ही चुनाव लड़ पाते थे। वर्ष 2019 के चुनाव में वार्ड नंबर 2, 3, 13 और 20 अनारक्षित सीटें थी। शहर के 20 वार्डों में से 7 वार्ड में महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे। इनमें अनुसूचित जाति वर्ग की 1, अनुसूचित जनजाति वर्ग से 3 और अनारक्षित वर्ग से 3 महिला उम्मीदवार होंगे। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड की बात करें तो शहर का वार्ड नंबर 4 अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित है। इस वार्ड के वर्तमान पार्षद वर्तमान नपा अध्यक्ष राधेश्याम राम हैं। इसी तरह वार्ड 6 अनुसूचित जाति वर्ग से महिला आरक्षित वार्ड है। इस वार्ड से वर्तमान में लालदेव भगत पार्षद हैं। वार्ड नंबर 8 अनारक्षित महिला कोटे में जा चुका है। जिसके वर्तमान पार्षद गणेश साहू हैं। इसी तरह वार्ड नंबर 11 भी अनारक्षित महिला वार्ड है। यहां से सरवर खान पार्षद हैं। वार्ड नंबर 12 अनुसूचित जनजाति वर्ग से महिला कोटे में जा चुका है। वार्ड नंबर 14 अनुसूचित जनजाति वर्ग से महिला कोटे में और वार्ड नंबर 20 अनारक्षित महिला के लिए हो चुका है। इन दोनों वार्डों में पहले से महिला पार्षद हैं। जानिए… आपके वार्ड में कौन लड़ सकता है निकाय चुनाव वार्ड नंबर आरक्षण 1. महात्मा गांधी वार्ड एसटी 2. रामभजन वार्ड अनारक्षित 3. अन्नपूर्णा वार्ड अनारक्षित 4. तिलक वार्ड एसटी (महिला) 5. बिरसामुंडा वार्ड अनारक्षित 6. शास्त्री वार्ड अनुसूचित जाति (महिला) 7. डॉ अंबेडकर वार्ड एसटी 8. महावीर वार्ड अनारक्षित (महिला) 9. सुभाष वार्ड अनारक्षित 10. नेहरू वार्ड अनारक्षित 11. राजीव वार्ड अनारक्षित (महिला) 12. बालाजी वार्ड एसटी (महिला) 13. रामअवतार वार्ड अनारक्षित 14. भोरू भाई केतकर एसटी (महिला) 15. महारानी लक्ष्मीबाई एसटी 16. भगत सिंह वार्ड एसटी 17. शिवशंकर वार्ड एसटी 18. युवराज उपेन्द्र एससी 19. राजमहल वार्ड अनारक्षित 20. पटेल वार्ड अनारक्षित (महिला) वर्ष 2019 को हुए चुनाव में वार्ड आरक्षण की बात करें तो अन्य पिछड़ा वर्ग को 5 सीटों का आरक्षण मिला था। 2019 के चुनाव में सबसे अधिक 8 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए थी। वर्ष 2019 के चुनाव में भी सात महिला उम्मीदवारों के लिए सीटें आरक्षित की गईं थीं। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग की दो, एसटी वर्ग से तीन, एससी से 1 व अनारक्षित से 1 सीट थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *