औजला ने नड्डा से की अमृतसर में एम्स स्तर के संस्थान की मांग

भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर के लोकसभा सदस्य गुरजीत सिंह औजला ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर अमृतसर में एम्स स्तर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना की मांग उठाई है। सांसद ने इस संबंध में एक औपचारिक पत्र सौंपकर जिले में उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। औजला ने पत्र में रेखांकित किया कि अमृतसर पाकिस्तान सीमा से सटा एक रणनीतिक जिला है। युद्ध या किसी भी आपातकालीन स्थिति में यहां उन्नत ट्रॉमा और आपदा प्रबंधन सेवाओं की सख्त जरूरत रहती है। वर्तमान में स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव इतना अधिक है कि कुछ क्षेत्रों में एक केंद्र पर 10 हजार से अधिक लोग निर्भर हैं। हालांकि पंजाब के बठिंडा में एम्स कार्यरत है, लेकिन सांसद ने तर्क दिया कि मरीजों की भारी संख्या को देखते हुए माझा क्षेत्र में एक और प्रमुख संस्थान अनिवार्य है। उन्होंने अमृतसर को एक ‘राष्ट्रीय चिकित्सा केंद्र’ के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस मांग को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि इस दिशा में जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *