भास्कर न्यूज | कवर्धा/चिल्फीघाटी रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे- 30 पर चिल्फी से करीब 2 किलोमीटर दूर एक कंटेनर और आईशर ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर से ट्रक का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसमें ड्राइवर का शव फंसा था। केबिन काटकर शव बाहर निकाला गया। घटना रविवार शाम करीब 6.30 बजे की है। हाईवे पर ग्राम अकलघरिया-दुलदुला के पास यह दुर्घटना हुई। जानकारी के मुताबिक मृतक गुरबाज सिंह ग्वालियर (मप्र) का रहने वाला था। वह दिल्ली से आईशर ट्रक में फोम लोड कर रायपुर आ रहा था। तभी चिल्फी से करीब 2 किमी दूर ग्राम अकलघरिया-दुलदुला के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर से ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक गुरबाज सिंह की मौत पर ही मौत हो गई। घायल हेल्पर कुलदीप सिंह ग्राम पठा पनिहार जिला ग्वालियर (मप्र) का रहने वाला है। बयान में कुलदीप ने बताया कि वे दिल्ली से फोम लोड कर रायपुर जा रहे थे। एनएच-30 पर ग्राम दुलदुला के पास पहुंचे ही थे कि कवर्धा-चिल्फी की ओर से आ रहे ट्रेलर ने सामने से टक्कर मार दी। ट्रेलर तेज रफ्तार में था और लापरवाही से चलाया जा रहा था। कुलदीप ने कार्रवाई की मांग की है। क्षतिग्रस्त केबिन को काट निकाला शव: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आईशर ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया था। क्षतिग्रस्त केबिन में ड्राइवर और हेल्पर कुलदीप सिंह दोनों फंसे थे। ड्राइवर गुरबाज की मौत हो चुकी थी। डॉयल 112 टीम और चिल्फी पुलिस ने घायल हेल्पर कुलदीप को सुरक्षित निकाला। केबिन काटकर ड्राइवर के शव को बाहर निकाला गया। शव को बोड़ला मरच्युरी भेजा गया। वहीं घायल हेल्पर को अस्पताल में भर्ती कराए।


