भास्कर न्यूज | पिपरिया ग्राम कोयलारी स्थित शासकीय हाई स्कूल में शनिवार को भावनाओं, उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच कक्षा दसवीं के स्टूडेंट्स को विदाई दी गई। कक्षा 9वीं के स्टूडेंट्स ने अपने सीनियर्स के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शाला विकास समिति के अध्यक्ष जीवन लाल साहू व प्रभारी प्राचार्य सुनील कांसकार ने मां सरस्वती की पूजा कर की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कक्षा 9वीं के स्टूडेंट्स ने समूह नृत्य, गीत, देशभक्ति प्रस्तुति और हास्य नाट्य के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक गेम्स भी आयोजित किए गए। हंसी-ठहाकों और तालियों के बीच माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल गया। विद्यार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव विदाई समारोह का भावुक क्षण तब आया, जब कक्षा दसवीं के स्टूडेंट्स ने मंच पर आकर स्कूल में बिताए दो वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन, मित्रों के साथ बिताए पलों और स्कूल की गतिविधियों को जीवन की अमूल्य पूंजी बताया। स्टूडेंट्स ने कहा कि माहौल परिवार जैसा रहा है।


