पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जामताड़ा में पीएम श्री योजना के अंतर्गत कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 145 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए प्रकृति से सीखने, अनुशासन बनाए रखने तथा भ्रमण का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों को मालंचा नेचर पार्क, नाला ब्लॉक के लिए रवाना किया गया। प्रकृति की गोद में आयोजित इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विविध प्रकार के प्राकृतिक दृश्यों, वनस्पतियों एवं पर्यावरणीय तत्वों का अवलोकन किया। बच्चों ने प्रकृति के सौंदर्य का आनंद लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छता के महत्व को व्यावहारिक रूप से समझा। पूरे दिन विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने समूह गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की, नई जानकारियां प्राप्त कीं तथा जीवन की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के व्यावहारिक पहलुओं को भी सीखा। विद्यालय की ओर से स्वादिष्ट एवं पौष्टिक जलपान की व्यवस्था की गई, जिसका सभी बच्चों ने आनंद लिया। इस शैक्षिक भ्रमण का सफल संचालन प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद साह के नेतृत्व में किया गया। शिक्षकगण सुभाष चंद्र यादव, अंकित साह, अभिषेक गौतम, दयानंद यादव, कामाक्षी यादव एवं प्रिया कुमारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा, मार्गदर्शन तथा गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिनभर के रोचक एवं ज्ञानवर्धक अनुभवों के बाद सभी विद्यार्थी सुरक्षित और समय पर विद्यालय लौट आए। यह शैक्षिक भ्रमण न केवल आनंददायक रहा, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास, पर्यावरणीय जागरूकता और सामूहिक सीखने की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।


