कोरबा | कटघोरा में ट्रांसफार्मर के पास पड़े कचरे के ढेर में शार्ट-सर्किट से उठे चिंगारी के कारण आग लग गई। इस दौरान आग फैलने से पास खड़ी कार चपेट में आकर जल गई। घटना कटघोरा थाना अंतर्गत अंबिकापुर रोड पर मीरा टॉकीज के पास शुक्रवार की देर रात हुई। जहां मुख्य मार्ग के किनारे लगे ट्रांसफार्मर के पास लंबे समय से कचरे का ढेर पड़ा था। स्थानीय लोगों व व्यापारियों ने कई बार नगर पालिका से कचरा हटाने की मांग की थी, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया था। घटना के समय ट्रांसफार्मर में हुई शार्ट-सर्किट से उठी चिंगारी कचरे के ढेर में छिटक कर गिरी, जिससे वहां आग लगी। पास ही एक स्थानीय व्यक्ति की कार खड़ी थी, आग फैलकर वहां पहुंची तो चपेट में आकर कार जल गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों व व्यापारियों में आक्रोश है। आग लगने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, शनिवार की दोपहर बिजली विभाग की टीम ने ट्रांसफार्मर व लाइन की मरम्मत कार्य शुरू की। वहीं पुलिस मामले में जांच कर रही है।


