कटनी में यातायात व्यवस्था सुधारने अभियान:मजिस्ट्रेट चेकिंग में 81 वाहनों के चालान कटे, हेलमेट-सीट बेल्ट लगाने हिदायत

कटनी जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाएं कम करने के लिए प्रशासन ने बुधवार को सख्त अभियान चलाया। मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी संख्या में चालान काटे गए। यह कार्रवाई मुख्य रूप से दो प्रमुख स्थानों पर केंद्रित रही। इनमें एनकेजे थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 43 स्थित सुर्खी टैंक के समीप और रीठी थाने के ठीक सामने मुख्य मार्ग शामिल हैं। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न्यायिक अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहे। सुर्खी टैंक (एनकेजे) पर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार चौधरी की उपस्थिति में सघन जांच अभियान चला। यहां यात्री बसों, भारी ट्रकों और लोडर वाहनों सहित कुल 57 छोटे-बड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। इसी तरह, रीठी में मजिस्ट्रेट सिल्की कौर जुनेजा के नेतृत्व में चेकिंग पॉइंट लगाया गया, जहां 24 वाहनों के चालान काटकर जुर्माना वसूला गया। दोनों स्थानों पर की गई इस चेकिंग कार्रवाई से लगभग 1 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। यातायात थाना प्रभारी, संबंधित क्षेत्रों के थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने चालान काटने के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सख्त हिदायत भी दी। मुख्य रूप से बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, ओवरलोडिंग, फिटनेस और बीमा दस्तावेजों की कमी, तथा प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। जैसे ही मजिस्ट्रेट चेकिंग की खबर फैली, राजमार्ग और प्रमुख सड़कों पर चलने वाले लापरवाह वाहन चालकों में घबराहट देखी गई। कई चालक कार्रवाई से बचने के लिए रास्ते बदलते नजर आए, तो कुछ ने वाहन किनारे खड़े कर दिए। प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य यह संदेश देना है कि सड़क पर सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *