कटनी में युवक की बेरहमी से पिटाई:CCTV फुटेज आया सामने; आरोपी ने जाते समय दी पुलिसिया धौंस

कटनी के मोहन टॉकीज क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। आपसी विवाद के बाद हुई इस मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मलाई मंदिर निवासी 25 वर्षीय अनुराग जायसवाल शुक्रवार रात करीब 12 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था। मोहन टॉकीज के पास अरुण यादव नामक युवक ने उसे रोका। पीड़ित अनुराग का आरोप है कि अरुण यादव शराब के नशे में था और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा। अनुराग द्वारा विरोध करने पर अरुण यादव ने अपने कुछ अज्ञात साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर अनुराग पर हमला कर दिया। जिला अस्पताल में उपचाराधीन अनुराग जायसवाल ने पुलिस प्रशासन और आरोपी के बीच मिलीभगत की आशंका जताई है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी अरुण यादव ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। अनुराग के अनुसार, आरोपी ने यह भी कहा कि उसके रिश्तेदार कोतवाली थाने में पदस्थ हैं और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी प्रभाव के कारण अब तक उनके बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। पीड़ित के बयान दर्ज कर करेंगे कार्रवाई इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम बीती रात ही पीड़ित के बयान लेने अस्पताल पहुंची थी, लेकिन उस समय पीड़ित की हालत बयान देने लायक नहीं थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को संज्ञान में ले लिया है। जल्द ही पीड़ित के विस्तृत बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *