कटनी में होली पर गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा:अचानक डगमगाते हुए सड़क से नीचे उतर, ड्राइवर घायल

कटनी जिले के बिलहरी चौकी अंतर्गत ग्राम घुघरा के पास बुधवार दोपहर घरेलू गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा होली के त्योहार के बीच हुआ, जिसमें एक बड़ा हादसा टल गया क्योंकि पलटने के बाद किसी भी सिलेंडर से गैस रिसाव या आग नहीं लगी। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना घुघरा रोड पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक अचानक डगमगाते हुए सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही सड़क पर गैस सिलेंडरों का ढेर लग गया, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही प्रतीत हो रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या होली के नशे में धुत होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था। इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस बल ने मौके पर सुरक्षा घेरा बनाकर बिखरे हुए सिलेंडरों को सावधानीपूर्वक हटाया और गैस एजेंसी को सूचित कर दूसरे वाहन से उन्हें सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। लगभग एक घंटे बाद घुघरा रोड पर यातायात सामान्य हो सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *