फाजिल्का जिले के अबोहर में कटीले तारों के चपेट में आने से एक दंपत्ति घायल हो गया। दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में यह पहला हादसा नहीं है। जिला प्रशासन ने तारों को हटाने और इनकी बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। लेकिन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। जानकारी के अनुसार गांव बहावलवासी के एक दंपत्ति भोग समारोह में जाते समय तारों की चपेट में आ गए। घटना शुक्रवार की है। बलवंत सिंह और उनकी पत्नी परमजीत कौर बाइक से बहावलवासी से डबवाली जा रहे थे। मलुकपुरा गांव के पास उनकी बाइक बेकाबू होकर खेत किनारे लगे तारों से टकरा गई। दंपती को आई गंभीर चोटें हादसे में बलवंत सिंह को गंभीर चोटें आईं। परमजीत कौर के पैर में चोट लगी। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। क्षेत्र में यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई लोग तारों की वजह से घायल हो चुके हैं। अबोहर के उपमंडलीय गांवों में कटीले तारों की भरमार है। बिश्नोई समाज ने कई बार जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर तारें हटाने की मांग की है। लेकिन जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।


