राजधानी के कटोरा तालाब इलाके के एक ब्यूटी पार्लर एंड स्पा में बुधवार देर रात फायरिंग हो गई। दो युवक सेंटर बंद होने के बाद भी स्पा करवाने की जिद करने लगे। जब स्पा सेंटर की मालकिन ने मना किया तो वे विवाद करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोली स्पा सेंटर के टेबल और दीवार में जा लगी। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे कटोरा तालाब स्थित ब्यूटी पार्लर एंड स्पा की संचालिका सेंटर बंद कर रही थी। दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ घर जा चुका था। इस दौरान सुनील पांडे और उसका साथी अंगद सिंह वहां पहुंचे। उन्होंने स्पा सर्विस लेने की बात कही, लेकिन संचालिका ने कहा कि सेंटर बंद हो चुका है। इस पर दोनों सर्विस लेने की जिद करने लगे। मना करने के बाद दोनों ने संचालिका से विवाद किया और गुस्से में पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली टेबल और दीवार में जा लगी। गुरुवार 26 फरवरी को संचालिका सिविल लाइन थाना पहुंची और फायरिंग की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई है। सीसीटीवी फुटेज में काउंटर पर महिला से बात करते दिख रहे दोनो आरोपी(इनसेट में)। सर्विस नहीं मिली तो पुलिस बनकर कागजात चेक करने लगे, गोली मारने के बाद भी वहीं बैठे रहे
आरोपी सुनील पांडे आर्मी का रिटायर्ड जवान है। अभी राजधानी के एक कारोबारी का प्राइवेट पीएसओ है। वहीं उसका साथी अंगद सिंह ड्राइवर है। दोनों काम खत्म होने के बाद कटोरा तालाब स्थित स्पा पहुंचे थे। लेकिन सर्विस ना मिलने से वे भड़क गए। पीएसओ ने पुलिस बनकर संचालिका से स्पा के कागजात दिखाने कहा और लाइसेंस की पूछताछ करने लगा। संचालिका ने सभी दस्तावेज पेश कर दिए। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में लाइसेंसी गन से फायरिंग कर दी। गोली स्पा सेंटर के टेबल से छिटककर दीवार में जा लगी। संचालिका के अनुसार आरोपी नशे में आए थे। गोली चलाने के बाद भी आरोपी आधे घंटे वहीं बैठे रहे। इसके बाद वहां से गए।


