कनाडा-अमेरिका रूट के विमानों का हो तकनीकी ऑडिट : औजला

भास्कर न्यूज | अमृतसर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने एयर इंडिया की लंबी दूरी की अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री को पत्र लिखकर कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका रूटों पर विमानों के उन्नयन की मांग की है। सांसद औजला ने अपने पत्र में कहा कि पंजाब और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय इन देशों की यात्रा करते हैं। यात्रियों से भारी किराया वसूला जाता है, लेकिन उन्हें पुरानी और जर्जर विमानों में सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 12 से 15 घंटे की लंबी उड़ानों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों और यात्रियों के अनुभवों में भी इन कमियों की पुष्टि हुई है। उन्होंने मंत्रालय से मांग की है कि संबंधित अंतरराष्ट्रीय रूटों पर संचालित वाइड-बॉडी विमानों का तत्काल तकनीकी ऑडिट कराया जाए, पुराने विमानों को बदला या उनका व्यापक नवीनीकरण किया जाए तथा आधुनिक इन-फ्लाइट मनोरंजन प्रणाली के अंतरराष्ट्रीय मानकों को लागू किया जाए। उन्होंने हवाई अड्डों पर ग्राउंड स्टाफ की जवाबदेही और यात्री सेवा मानकों में सुधार की भी आवश्यकता बताई। औजला ने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि और प्रवासी भारतीयों की सुविधा के लिए इस मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *