भास्कर न्यूज | लुधियाना डिवीजन-5 पुलिस ने दहेज के लिए उत्पीड़न और कनाडा ले जाने के नाम पर 1 लाख डॉलर की मांग करने के आरोप में पति पुनीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। कार्रवाई शिकायतकर्ता तनवीन कौर के बयानों के आधार पर की गई। तनवीन कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 16 फरवरी 2025 को मोहाली निवासी पुनीत सिंह के साथ सिख रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। विवाह से पहले दोनों परिवारों के बीच यह सहमति बनी थी कि शादी के बाद पति उसे कनाडा ले जाएगा और वहां स्थायी निवास (पीआर) के लिए आवेदन करेगा। इसी भरोसे पर उसने ऑस्ट्रेलिया में अपना वर्क परमिट रद्द कर भारत वापसी की। महिला के अनुसार, विवाह के दौरान उसके परिवार ने सोने के आभूषण, नकदी और अन्य सामान सहित काफी दहेज दिया था, जिसे ‘इस्त्री धन’ के रूप में ससुराल पक्ष को सौंपा गया। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति कनाडा चला गया और वहां से फोन कर घर खरीदने के नाम पर 1 लाख डॉलर की मांग करने लगा। शिकायत में कहा गया है कि इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। बाद में दबाव बनाकर उसके परिवार से 10 लाख रुपए दिलवाए गए और शेष 52 लाख रुपए दो महीने में देने की मांग की गई। ऐसा न करने पर कनाडा ले जाने की प्रक्रिया रोकने की धमकी दी गई। महिला का आरोप है कि अतिरिक्त रकम न मिलने पर पति ने कनाडा में दायर पीआर आवेदन वापस ले लिया और उससे बातचीत बंद कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद जांच पूरी की। जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 के तहत पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।


