विंडसर/जालंधर | कनाडा के विंडसर में पंजाबी मूल की यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे की है। ओंटारियो के लासाल क्षेत्र में टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में नैन्सी पर हमला हुआ। नैन्सी को चाकू मारे गए थे। अस्पताल पहुंचने के बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल (दो घरों और एक खाली पार्किंग लॉट) को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। जालंधर (दयोल नगर) में रह रही उनकी मां छिंदरपाल कौर ने इस हत्या के पीछे एक बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है। मां का दावा है कि नैन्सी को पिछले कई महीनों से कट्टरपंथियों से धमकियां मिल रही थीं। परिवार का मानना है कि नैन्सी की हत्या उनके राजनीतिक और धार्मिक विचारों के कारण की गई है। मां ने तीन व्यक्तियों पर शक जताया है, जिनमें से एक का संबंध विंडसर के एक स्थानीय गुरुद्वारे से बताया जा रहा है। नैन्सी अपने यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम (1.18 लाख फॉलोअर्स) पर सक्रिय थीं। वे एक सिंगर, एंकर और मुखर कमेंटेटर के रूप में जानी जाती थीं। वे पंजाब के धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती थीं। उन्होंने गुरपतवंत सिंह पन्नू और अमृतपाल सिंह की कड़ी आलोचना की थी।


