कन्दाफल स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर की पहली वर्षगांठ पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे महादेव अभिषेक से हुआ। दोपहर 2 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का दुग्ध, जल और पंचामृत से अभिषेक किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम 5 बजे से प्रीतिभोज (भंडारा) का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों ने सेवा भाव से भंडारे की व्यवस्था संभाली। रात 9:30 बजे से भजन संध्या (जागरण) का आयोजन हुआ। भजन गायक सुखदेव भारती ने शिव भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। पूरी रात चले जागरण में भक्तों ने भजनों पर झूमते हुए भगवान शिव का गुणगान किया। इस कार्यक्रम का आयोजन समस्त धाकड़ पंचायत, ग्राम कन्दाफल द्वारा किया गया था। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


