राजस्थान के भिवाड़ी में जिस फैक्ट्री में आग लगने से आठ लोग जिंदा जल गए, वह गारमेंट फैक्ट़्री में नाम से रजिस्टर्ड थी। सामने आया है कि फैक्ट्री में अवैध तरीके से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। इसके लिए यहां बारूद भी रखा था। आग लगने के बाद जब दमकलकर्मी और प्रशासन के अधिकारी अंदर पहुंचे तो उन्हें मौके पर बारूद मिला। इसी बारूद के कारण आग भड़की और शव कंकाल में बदल गए। मौके पर पहुंची कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने इस बात का खुलासा किया कि यह फैक्ट्री गारमेंट के नाम से रजिस्टर्ड थी। खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने बताया-फैक्ट्री मैनेजर से संपर्क हो गया है। मामले की जांच की जा रही है। फैक्ट्री गारमेंट के नाम पर रजिस्टर्ड थी, लेकिन अंदर कुछ और ही काम चल रहा था। बॉयलर और अन्य फैक्ट्रियों की बात है तो ये दोनों की कैटेगिरी में कवर नहीं हो रहा था। एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मालिक से संपर्क करने की कोशिश में प्रशासन
रीको यूनिट सेकेंड के इंचार्ज अखिल अरोड़ा ने बताया- फैक्ट्री राजेंद्र कुमार के नाम से रेडीमेड गारमेंट बनाने के काम से रजिस्टर्ड की गई थी। अभी तक कंपनी में क्या बन रहा था, इसकी जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल कंपनी मालिक से संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। किराए पर दे रखी थी फैक्ट्री
मामले को लेकर एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया- फैक्ट्री मालिक की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है। जिसने ये फैक्ट्री किसी तिवारी नाम के अन्य व्यक्ति को किराए पर दे रखी थी। दोनों ही लोगों से बातचीत नहीं हो सकी है। फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन से संपर्क हो गया था। जिसकी ओर से मौके पर पहुंचने की बात कही गई है। दीपावली के पटाखे बन रहे थे
फायर ब्रिगेड के इंचार्ज नरेश मीणा ने बताया- सोमवार सुबह 9:18 बजे सूचना मिली कि खुशखेड़ा में एक फैक्ट्री में आग लगने के बाद धमाके हो रहे हैं। धमाकों की वजह से आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। शव कंकाल में बदल चुके थे। फैक्ट्री के अंदर दीपावली पर बच्चों के लिए चलाने वाले पटाखे बनाए जा रहे थे। बारूद की मात्रा कितनी थी ये पता नहीं चल सका है। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
बता दें कि खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे केमिकल और पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में 8 लोग जिंदा जल गए। खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। कलेक्टर ने बताया- रीको के अधिकारियों को कहा गया है कि सभी फैक्ट्रियों की जांच की जाए। अगर कोई भी फैक्ट्री जिस काम के लिए आवंटित है, वह काम नहीं कर रही है तो उसका प्लॉट कैंसिल किया जाए। … यह भी पढ़ें
राजस्थान में केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में आग, 8 लोगों की मौत:पॉलीथीन में इकट्ठे किए गए बॉडी पाट्र्स, घटना के समय 25 मजदूर थे अंदर राजस्थान के भिवाड़ी की केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में 8 लोग जिंदा जल गए। उनके शव निकाल लिए गए हैं। घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)


