कपिल अवतार और शिव-सती चरित्र के प्रसंग से भक्तिमय हुआ दुर्गा माता मंदिर

भास्कर न्यूज | लुधियाना बीआरएस नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। श्रीधाम वृंदावन से पधारे परम भागवतोपासक संत गोपराम महाराज ने व्यास पीठ से भगवान के दिव्य अवतारों और लीलाओं का मार्मिक वर्णन किया। कथा का विधि-विधान से शुभारंभ मुख्य यजमान मनमोहन अग्रवाल, गायत्री अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल एवं निधि अग्रवाल सहित समस्त अग्रवाल परिवार द्वारा व्यास पूजन और पावन आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सुनील शारदा और शमशेर बख्शी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। महाराज ने कथा में भगवान के कपिल अवतार का प्रसंग सुनाते हुए सांख्य योग की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि मां देवहूति को दिया गया भगवान कपिल का उपदेश आज भी मनुष्य को भवसागर से पार उतारने का सामर्थ्य रखता है। इसके पश्चात शिव-सती चरित्र और ध्रुव चरित्र की कथा सुनाते हुए महाराज ने बताया कि अटूट विश्वास और दृढ़ संकल्प से ही ईश्वर की प्राप्ति संभव है। उन्होंने कहा कि भक्ति में दिखावा नहीं, बल्कि समर्पण की आवश्यकता होती है। जिस प्रकार बालक ध्रुव ने अपनी अडिग भक्ति से नारायण को पा लिया, वैसे ही प्रत्येक भक्त को अपने हृदय में परमात्मा के प्रति अटूट प्रेम जगाना चाहिए। आयोजन को सफल बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सुषमा अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल और ऋचा अग्रवाल ने व्यवस्थाओं में अपना सक्रिय सहयोग दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *