कपिल शर्मा शो में कोटा की कचौरी-कोचिंग पर होगी चर्चा:एजुकेटर नितिन विजय बनेंगे गेस्ट; कहा- वहां कोई स्क्रिप्ट नहीं थी, रिटेक भी नहीं होते

कोटा के एजुकेटर नितिन विजय गेस्ट के तौर पर कपिल शर्मा कॉमेडी शो में इनवाइट किए गए हैं। उनके साथ पूरा एपिसोड शूट हुआ है, जो 28 फरवरी को प्रसारित होगा। इस शो के दौरान कपिल शर्मा ने कोटा कचौरी और कोचिंग की तारीफ की। वहीं नितिन विजय ने कहा- शो में हमारी कोई स्क्रिप्ट नहीं थी। वहां रिटेक भी नहीं होते। ब्रेक के साथ एक बार में ही पूरा शूट होता है। शो में एजुकेटर नितिन विजय के साथ खान सर और अलख सर भी मौजूद रहेंगे। इस शो में क्या कुछ चर्चा हुई। वर्तमान में कोटा कोचिंग की स्थिति को लेकर भास्कर ने नितिन विजय से बात की… सवाल: कपिल शर्मा शो से कॉल कैसे आया। किस तरह से गेस्ट सलेक्ट करते हैं?
जवाब: उनकी टीम की तरफ से ही कॉल आया था। हमारा शूट दिसंबर में हुआ था। शूट से 20 दिन पहले कॉल आया था। मुझे मुंबई इनवाइट किया। उनकी टीम ने कोटा और हमारे बारे में पूरी रिसर्च की थी। सवाल: ये कॉमेडी शो है, लेकिन और किन मुद्दों पर वहां चर्चा हुई?
जवाब: खुशी की बात ये है कि कपिल शर्मा ने कोटा कचौरी और कोटा कोचिंग की चर्चा की। शो के शुरुआत में कपिल शर्मा ने कहा कि कोटा कचौरी और एनवी सर के लिए फेमस है। इसके साथ ही शिक्षा पर चर्चा हुई कि बच्चे किस तरह पढ़ाई करें। कैसे अपने पेरेंटस से कनेक्ट करें। इसके अलावा अन्य बातों पर भी चर्चा हुई। सवाल: क्या शूट से पहले कोई रिहर्सल हुई? आपको भी स्क्रिप्ट दी गई थी? बिहाइंड द सीन क्या रहता है?
जवाब: हमारी कोई स्क्रिप्ट नहीं थी। स्क्रिप्ट केवल शो के कलाकारों की होती है। उसमें भी आपस में बातचीत के दौरान कई बार पंच मारते हैं, डायलॉग होते हैं, वह बिना स्क्रिप्टेड ही कलाकार बोलते हैं। शूट करीब पांच-छह घंटे तक चला था। एक बात है कि वहां रिटेक नहीं होते। एक बार में ही पूरा शूट होता है। हां, ब्रेक जरूर लेते हैं। मैं वेनेटी वैन में था। कपिल खुद वैन में आए। बातचीत की, कोटा के बारे में उन्होंने चर्चा की। सवाल: खान सर भी शो में आपके साथ हैं। उन्होंने हाल ही कोटा को लेकर दिए बयान पर चर्चा हुई?
जवाब: खान सर और अलख सर दोनों थे। हमारी मुलाकात स्टेज पर हुई थी और वहीं नॉर्मल चर्चा हुई। उनके बयान या और किसी बात को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। बात सिर्फ खान सर की नहीं, मैं तो सभी को यह कहना चाहता हूं कि आप 10 दिन कोटा आकर रुको।कोटा क्यों पढ़ाई के लिए फेमस है, इसकी क्या खुशबू है, वह आपको पता लग जाएगा। मैं खुद यहां पढ़ा हूं, मैंने इस शहर को जीया है। सवाल: अभी कोटा में बच्चे कम हैं। डाउनफॉल देखने को मिला है। हालांकि रिजल्ट बेहतर है, क्या लगता है स्थिति बदलेगी?
जवाब: देखिए जिस वजह से कोटा को टार्गेट किया गया, जो निगेटिव बातें फैलाई गई, वह केवल एक शहर की समस्या नहीं है। उस समय कोटा मीडिया ट्रायल का भी शिकार हुआ। हम लोग उस स्थिति को संभाल नहीं पाए। लेकिन कोटा रिजल्ट देता है और देता रहेगा। अभी जेईई मेन के रिजल्ट आपने देखे। हर साल कोटा टॉपर तो दे रहा है। साथ ही कितने सलेक्शन हो रहे हैं, वह भी देखिए।
एक समय ऐसा जरूर आया था कि डिमांड ज्यादा थी, इसलिए कुछ चीजें अफोर्डेबल नहीं थी। अब स्थिति बदली हैं। कोटा को कुछ लोगों ने टार्गेट किया था। ये शहर बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सवाल: एडवांस और नीट का एग्जाम होने वाले हैं, स्टूडेंट्स के लिए क्या मैसेज है?
जवाब: नीट और जेईई एडवांस दोनों के एग्जाम होने वाले हैं। स्टूडेंट्स को यही कहूंगा कि अब टेस्ट और एनालिसिस पर ध्यान दें। पूरे साल हम लर्न, प्रेक्टिस, रिवाइज और एनालिसिस और टेस्ट पर ध्यान देते हैं, लेकिन अभी एग्जाम से पहले का समय है। टेस्ट और एनालिसिस का, ये जरूरी है। टेस्ट दो, उसमें क्या कमी है, उसे देखो। एनालिसिस करो और कमियों को दूर करो। परिणाम बेहतर होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *