कपूरथला के सिविल अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में देर रात दो पक्षों के बीच झड़प हुई। दो महिलाएं कांति और काजल घरेलू विवाद में घायल होने के बाद उपचार के लिए अस्पताल आई थीं। दोनों महिलाएं आपस में रिश्तेदार हैं। मौके पर पहुंची पीसीआर और सिटी थाना पुलिस ने मामला शांत किया और एक व्यक्ति को हिरासत में भी ले लिया है। जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष नामदेव कॉलोनी वासी है और घरेलू विवाद के दौरान दो महिलाएं उपचार करवाने के लिए सिविल अस्पताल परिवार के साथ आई थीं। इस दौरान साथ आए परिजनों में झगड़ा शुरू हो गया। आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉ. आशीषपाल सिंह ने बताया कि झगड़ा शुरू होते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस पीसीआर टीम के एएसआई रणजीत सिंह, हरमेश सिंह, सतनाम सिंह, हरविंदर सिंह और कमलजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। सिटी थाना पुलिस को भी सूचित किया गया। एएसआई बलदेव सिंह ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर सिटी पुलिस स्टेशन ले गए। डॉ. आशीषपाल ने कहा कि आपातकालीन वार्ड में सुरक्षा गार्ड नहीं होने से ऐसी समस्याएं आती हैं। एसएचओ बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों पर कार्रवाई होगी।


