पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा के रहने वाले कबड्डी प्रमोटर और समाज सेवक बख्तावर सिंह बाजवा उर्फ बलौरा की बेल्जियम में हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, हमलावर 8-10 गाड़ियों में सवार होकर बख्तावर सिंह के घर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह हत्या बेल्जियम में एक गुरुद्वारा साहिब में होने वाले चुनाव विवाद से जुड़ी है। बख्तावर सिंह लंबे समय से बेल्जियम में अपना व्यवसाय चला रहे थे और समय-समय पर समाज सेवा के कार्यों के लिए फगवाड़ा आया करते थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से फगवाड़ा में शोक की लहर है। हदियाबाद, फगवाड़ा के निवासी बख्तावर सिंह न केवल एक सफल व्यवसायी थे, बल्कि समाज सेवा में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। कबड्डी खेल के प्रमोटर के रूप में भी उनकी पहचान थी। इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


