कपूरथला मॉडर्न जेल का रमजान के पवित्र महीने के दौरान पंजाब के अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अब्दुल बारी सलमानी ने दौरा किया। उन्होंने जेल में बंद मुस्लिम कैदियों से मुलाकात की। सलमानी ने कैदियों को रमजान में रोजा रखने की सलाह दी। उन्होंने कैदियों से कहा कि सजा पूरी होने के बाद अच्छे आचरण से समाज की तरक्की में योगदान दें। जेल प्रशासन द्वारा कैदियों के धार्मिक अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए प्रबंधों से आयोग अध्यक्ष संतुष्ट दिखे। कैदियों को दिन में पांच बार नमाज अदा करने की विशेष सुविधा दी जा रही है। साथ ही उन्हें सहरी और इफ्तार के समय खाने की भी अनुमति है। जेल अधीक्षक श्यामल ज्योति और अतिरिक्त अधीक्षक विजय कुमार ने आयोग अध्यक्ष को बंदियों के कल्याण के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।


