कपूरथला पुलिस ने गैंगस्टरों पर वार मुहिम के तहत एक सर्च ऑपरेशन चलाया। एसएसपी गौरव तूरा के नेतृत्व में यह अभियान कपूरथला शहर के संतपुरा मोहल्ले में किराएदारों की पहचान और सत्यापन पर केंद्रित था, जिसका उद्देश्य संगठित अपराध पर नकेल कसना है। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि पंजाब पुलिस ने पिछले तीन दिनों से ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया था, जिसका लक्ष्य गैंगस्टरों और अन्य पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। आज के अभियान में 12 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में किराएदारों की तस्दीक की गई, जिसके लिए 46 पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की गई थीं। इस दौरान कुल 566 किराएदारों का सत्यापन किया गया और लगभग 426 दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने 5 अनाधिकृत कार, 12 बाइक और 19 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गैंगस्टरों को पनाह देने वालों पर भी होगी कार्रवाई : एसएसपी एसएसपी ने बताया कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम के तहत खतरनाक अपराधियों को पनाह देने या किसी भी प्रकार की सहायता करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जोर दिया कि गैंगस्टरों के नेटवर्क को पूरी तरह से तोड़ने के लिए जिले भर में ऐसी गतिविधियां जारी रहेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आवासीय और व्यावसायिक स्थानों पर किराएदारों को रखने से पहले उनकी पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य करवाएं। ऐसा न करने पर मकानों के दुरुपयोग और अप्रिय घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने इसके लिए एक सरल प्रक्रिया लागू की है। गैंगस्टरों की सूचना देने के लिए जारी किया नंबर उन्होंने बताया कि लोग नजदीकी पुलिस साझा केंद्र में जाकर अपने किराएदार की पुलिस वेरिफिकेशन करवा सकते हैं, जिसके लिए फीस बहुत मामूली है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार द्वारा एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 शुरू किया गया है, जहां लोग अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से जानकारी दे सकते हैं। इस अवसर पर DSP शीतल सिंह भी उनके साथ मौजूद थे।


