कपूरथला पुलिस ने लोगों के गुम हुए, चोरी या खोए हुए 225 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोनों का कुल मूल्य 56 लाख रुपये है। सोमवार को एक समारोह में ये मोबाइल उनके असल मालिकों को सौंप दिए गए। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने स्वयं अपने हाथों से मोबाइल सौंपे और मालिकों से फोन की मौखिक पुष्टि भी करवाई। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि बरामद किए गए ये फोन पंजाब के विभिन्न जिलों के अलावा कई अन्य राज्यों से भी मिले हैं। इनमें पश्चिम बंगाल से 3, बिहार से 4, दिल्ली से 5, उत्तर प्रदेश से 6, हरियाणा से 8, राजस्थान से 5 और हिमाचल प्रदेश से 2 मोबाइल फोन शामिल हैं।मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
मोबाइल गुम होने पर पुलिस से संपर्क की अपील एसएसपी तूरा ने लोगों को सलाह दी कि भविष्य में यदि उनका फोन खो जाता है, तो वे कपूरथला जिले के सांझ केंद्र में जाकर इसकी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। फोन मिलने की सूचना सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से सीधे उनके फोन पर प्राप्त होगी। इसके लिए कपूरथला के थाना साइबर क्राइम पुलिस से भी संपर्क किया जा सकता है।
लोगों को मिले गुम हुए फोन उन्होंने यह भी बताया कि लोग ceirsancharsathi.gov.in पर ऑनलाइन भी गुम हुए मोबाइल फोन की रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं।इस अवसर पर एसपी-एच गुरप्रीत सिंह, एसपी-फगवाड़ा माधवी शर्मा, डीएसपी-साइबर क्राइम दलजीत सिंह, डीएसपी-एनडीपीएस सुखपाल सिंह और थाना साइबर क्राइम की एसएचओ इंस्पेक्टर अंजू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


