पंजाब की कपूरथला पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना सुभानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बूट वेईं के किनारे अवैध शराब बनाई जा रही है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से जसपाल सिंह निवासी गांव बूट और बलवीर सिंह उर्फ बीरा निवासी गांव मरोड़ी पटियाला को शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों के पास से 35 बोतल अवैध शराब और 40 लीटर लाहन बरामद की गई, जो भट्टी तोड़ते समय गिराई गई थी। इसके अलावा एक लोहे का खाली ड्रम, गैस वाली भट्टी, गैस सिलेंडर और एक सिल्वर स्पीकर भी जब्त किया गया। एसएचओ कंवरजीत सिंह के मुताबिक, एएसआई गुरदेव सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त के दौरान मिली सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का हिस्सा है।


