कपूरथला जिले में सीआईए स्टाफ की टीम ने 32 बोर की देसी पिस्तौल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना सिटी में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज रमन कुमार ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए स्टाफ इंचार्ज एसआई रमन कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसवीर सिंह अपनी टीम के साथ दाना मंडी कपूरथला में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा, जिसे शक के आधार पर पीछा कर पकड़ लिया गया।तलाशी लेने पर युवक के पास से 32 बोर की एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं केस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू निवासी कोटला हेरां, थाना सदर नकोदर, जिला जालंधर के रूप में बताई। सीआईए इंचार्ज रमन कुमार ने बताया कि आरोपी पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। कोर्ट ने रिमांड पर भेजा इन मामलों में थाना सिटी और थाना सदर जालंधर में एनडीपीएस एक्ट के तहत तथा थाना सुल्तानपुर लोधी में असलहा एक्ट के तहत दर्ज केस शामिल हैं।थाना सिटी पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे कई अहम खुलासे होने की संभावना है।


