कपूरथला जिले में सीआईए स्टाफ ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो 32 बोर की दो देसी पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। एसपी डी प्रभजोत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम विला कोठी के पास आपराधिक तत्वों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कच्चे रास्ते से आ रहे दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्तौल बरामद हुए।
हथियार के साथ दो गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोबनदीप सिंह उर्फ भाऊ निवासी गांव कोकलपुर, कपूरथला और करण कुमार निवासी बेगोवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश एक गिरोह बनाने और पिस्तौल की नोक पर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये हथियार मध्य प्रदेश से खरीदे गए थे।
कोर्ट ने रिमांड पर भेजा एसपी डी प्रभजोत सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी जोबनदीप सिंह के खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है, जबकि करण कुमार पर पहले 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


