कपूरथला जिले में सुल्तानपुर लोधी मार्ग पर देर रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कार ड्राइवर बलविंदर कौर, जो गांव बाऊपुर निवासी दिलबाग सिंह की पत्नी हैं, ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक गाड़ी के इंजन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को समझते हुए उन्होंने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मिट्टी डालकर आग बुझाने का किया प्रयास बलविंदर कौर ने बताया कि आग लगते ही पहले गाड़ी में रखे पानी से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद आस-पास से मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, पर आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और उससे करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं।


