कपूरथला में देर रात चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर गहने और सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। इसकी पुष्टि जांच अधिकारी ASI बलदेव सिंह ने की है। घटना मुरादपुर गांव की है। पीड़ित हरनेक सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर को वह रोजाना की तरह अपने परिवार सहित घर में सो गए थे। लेकिन अगले दिन सुबह उठकर देखा तो साथ वाले दूसरे कमरे में चोरों ने सेंध लगाकर दीवार तोड़ी हुई थी और अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे। हरनेक सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में अलमारी के लॉकर में पड़े एक सोने का कड़ा, सोने की बालियां, चांदी की पाजेब और चांदी के गहने चोरी हुए हैं। जांच अधिकारी ASI बलदेव सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर पहुंच उनकी टीम ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।


