पंजाब में कपूरथला के फगवाड़ा में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। युवक का शव पानी की टंकी के अंदर से बरामद हुआ है। मामले में पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना सदर फगवाड़ा के एसआई कमलजीत सिंह ने बताया कि जसवंत सिंह निवासी साहिबजादा अजीत सिंह नगर ने शिकायत में बताया कि उसका लड़का बलविंदर सिंह गिल जैन हार्डवेयर स्टोर मंडी फगवाड़ा में ड्राइवर की नौकरी करता था। 8 दिसंबर को वह घर से काम करने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक भी घर वापस नहीं लौटा। 31 दिसंबर को उसका शव ग्रीन वैली कॉलोनी की पानी की टंकी से मिला था। नशा सप्लायर के साथ रहता था उन्होंने बताया कि उसका लड़का मोहल्ले के ही अपने दोस्त राजकुमार उर्फ राजू के साथ अक्सर रहता था। राजकुमार नशे की सप्लाई करता था जिसके चलते उन्होंने अपने लड़के को कई बार इसके साथ न रहने के लिए आगाह किया था। उन्होंने बताया के रविवार को भी राजकुमार ने उसके लड़के को ज्यादा नशा दिया और जब वह बेहोश हो गया तो उसका दोस्त पानी की टंकी के बाहर के दरवाजे को कुंडी लगाकर मौके से भाग गया, इसके बाद उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी SI कमलजीत सिंह के अनुसार राजकुमार उर्फ राजू निवासी वासी मोहल्ला साहिबजादा अजीत सिंह नगर फगवाड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया है।


