कपूरथला में एक बुजुर्ग व्यक्ति से एटीएम कार्ड बदलकर 87 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई मंगल सिंह ने इस घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग की पहचान मोहम्मद नगर निवासी 87 वर्षीय सोमनाथ के रूप में हुई है। सोमनाथ ने पुलिस को बताया कि 4 फरवरी को वह सुल्तानपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम के अंदर आया और बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। 87 हजार रुपए खाते से निकाले आरोपी ने बाद में पीड़ित के खाते से पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के एटीएम से 57 हजार रुपए और मिलन पैलेस के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से 30 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित को इस ठगी का पता तब चला जब उनके मोबाइल फोन पर पैसे निकलने के मैसेज आए। थाना सिटी पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।


